


बिल्सी से स्वदेश केसरी न्यूज़ की विशेष रिपोर्ट
दूर-दराज़ राज्यों से बिल्सी पहुंचने मे परेशान हुए परीक्षार्थी,रेल और परिवहन कनेक्टिविटी की कमी भी बनी बड़ी चुनौती
बिल्सी। नगर के एन.ए. इंटर कॉलेज में रविवार को आयोजित राज्य स्तरीय सम्मिलित राज्य प्रवर अधीनस्थ एवं सहायक वनरक्षक (पीसीएस) प्रारंभिक परीक्षा 2025 में अभूतपूर्व स्थिति देखने को मिली। निर्धारित 384 परीक्षार्थियों में से 305 अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे, जबकि केवल 79 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया।
केंद्र व्यवस्थापक रामवीर सिंह ने बताया कि परीक्षा दो पारियों में संपन्न हुई — पहली पारी सुबह 9:30 बजे और दूसरी पारी दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगी। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का अनुपस्थित रहना अभूतपूर्व है, और इसके पीछे मुख्य कारण परीक्षा केंद्रों का दूर-दराज़ क्षेत्रों में आवंटित किया जाना प्रतीत होता है।
कठिन सफर और सीमित कनेक्टिविटी ने बढ़ाई परीक्षार्थियों की मुश्किलें
स्वदेश केसरी न्यूज़ को प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस बार राज्य स्तर की परीक्षा में कई परीक्षार्थियों को 800 से 1000 किलोमीटर दूर तक के परीक्षा केंद्र आवंटित किए गए। बिल्सी केंद्र पर आए अधिकांश अभ्यर्थी बिहार, गुजरात और उत्तराखंड जैसे राज्यों से थे, जिन्हें परीक्षा के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ी।
परीक्षा देने आईं पटना (बिहार) की पल्लवी कुमारी ने बताया,
“पेपर काफी कठिन था, और समय कम पड़ गया। इतने लंबे सफर के बाद थकान भी बहुत महसूस हुई।”
वहीं आरा (बिहार) से आए सौरभ पांडे ने कहा,
“ट्रेन और बस दोनों की कनेक्टिविटी बेहद कमजोर रही। बदायूं तक पहुँचना ही एक बड़ी चुनौती थी।”
कनेक्टिविटी की समस्या बनी मुख्य कारण
स्वदेश केसरी के अनुसार, बदायूं जनपद की रेल और राज्य परिवहन निगम बस सेवा अब तक सशक्त नहीं हो पाई है। अधिकांश रेलगाड़ियाँ साप्ताहिक हैं, और राज्य परिवहन की बसें सीमित रूटों पर ही चलती हैं। ऐसे में राज्य स्तरीय परीक्षा जैसे बड़े आयोजन के लिए आने-जाने में अभ्यर्थियों को काफी परेशानियाँ झेलनी पड़ीं।यही वजह रही कि कई अभ्यर्थी निर्धारित समय पर केंद्र तक पहुँच ही नहीं पाए।
शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई परीक्षा
परीक्षा के दौरान प्रशासन ने केंद्र पर सुरक्षा के सख्त इंतज़ाम किए थे। केंद्र परिसर को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया था। उपजिलाधिकारी प्रेमपाल सिंह ने भी सुबह परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया और सभी व्यवस्थाएँ परखी। परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण व निष्पक्ष माहौल में संपन्न हुई।
नगर मे पहली बार आयोजित परीक्षा क़े हाल संक्षेप में:
- कुल परीक्षार्थी: 384
- उपस्थित परीक्षार्थी: 79
- अनुपस्थित परीक्षार्थी: 305
- प्रमुख कारण: केंद्रों का दूर-दराज़ आवंटन, कमजोर परिवहन कनेक्टिविटी


























