स्वच्छ भारत अभियान को ठेंगा! मंडी सचिव दिखा रहा ठेंगा
बदायूं जिले की बिल्सी गल्ला मंडी में गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। रफीनगर निवासी भगवान दास पुत्र प्रीतम सिंह पेशाब करने गए थे, तभी उनके ऊपर अनाज से भरी बोरियों का चट्टा गिर पड़ा। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह एक घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। हालत गंभीर होने पर भगवान दास को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इस घटना ने मंडी की गंभीर लापरवाही को भी उजागर कर दिया है। मजदूरों का कहना है कि मंडी समिति में बने शौचालय पर हमेशा ताला लगा रहता है, जिससे उन्हें मजबूरी में खुले में शौच और पेशाब करना पड़ता है। लेबर श्यामचंद ने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद मंडी सचिव ने इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया।
स्थानीय लोगों और पल्लेदारों ने आरोप लगाया कि एक तरफ केंद्र और प्रदेश सरकार स्वच्छता अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर मंडी सचिव की लापरवाही मजदूरों और किसानों को खुले में शौच को मजबूर कर रही है। उन्होंने मांग की कि जिम्मेदार मंडी सचिव के खिलाफ तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए


























