

बिल्सी : नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में शुक्रवार को राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से फायर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। तहसीलदार प्रभा सिंह, नायब तहसीलदार बदन सिंह यादव, पुलिस व दमकल विभाग की टीम की मौजूदगी में छात्रों को आग लगने की स्थिति में बचाव के तरीके बताए गए। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का व्यावहारिक प्रदर्शन किया और छात्रों को फायर एक्सटिंग्विशर चलाना भी सिखाया।
विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय व निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों को आत्मनिर्भर व जागरूक नागरिक बनाने की दिशा में अहम कदम हैं। प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने टीम का आभार जताते हुए कहा कि मॉक ड्रिल छात्रों को जीवन की चुनौतियों से निपटने की प्रेरणा देती है।


























