
बजीरगंज (बदायूं) अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के स्थापना दिवस के अवसर पर नगर इकाई सैदपुर ने पर्यावरण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए प्राचीन शिव मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया और पौधारोपण किया।
अभाविप इस दिन को राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के रूप में देशभर में मनाता है। इसी क्रम में सैदपुर इकाई ने भी ज़ोरदार आयोजन करते हुए शिव मंदिर परिसर को साफ किया और वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
युवाओं ने किया स्वच्छता और हरियाली का संकल्प
कार्यक्रम की शुरुआत नगर अध्यक्ष केशव शर्मा के नेतृत्व में हुई। उपस्थित कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने मंदिर परिसर की सफाई की, कूड़ा-कचरा हटाया और स्वच्छता का संदेश दिया। इसके बाद आंवला, नीम, पीपल, अमरूद जैसे छायादार व औषधीय पौधे लगाए गए।
प्रमुख पदाधिकारियों की मौजूदगी
इस अवसर पर जिला सह संयोजक आशीष देव मिश्रा, नगर सह मंत्री नन्देश्वर दयाल सक्सेना, शनि पाराशरी, विकास शर्मा सहित सरस्वती विद्या मंदिर के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने मिलकर मंदिर परिसर में पौधारोपण किया और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी ली।
जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश
नगर अध्यक्ष केशव शर्मा ने कहा “अभाविप केवल छात्र संगठन नहीं, बल्कि एक राष्ट्र निर्माण की विचारधारा है। आज के दिन हम संकल्प लेते हैं कि न केवल शिक्षा बल्कि समाज सेवा, पर्यावरण रक्षा और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा में भी आगे बढ़ेंगे।”
आशीष देव मिश्रा ने बताया कि परिषद का उद्देश्य छात्रों को केवल शिक्षा तक सीमित नहीं रखना, बल्कि उन्हें समाज के लिए जागरूक, जिम्मेदार और कर्मशील नागरिक बनाना है।


























