सहसवान (बदायूं), 9 जून,थाना जरीफनगर क्षेत्र की ग्राम पंचायत आंतर से बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां एक गौवंश का शव पिछले तीन दिन से पड़ा सड़ रहा है, जिसे आवारा कुत्ते नोंच-नोंचकर खा रहे हैं। इस दर्दनाक दृश्य से ग्रामीणों में नाराजगी है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि ग्राम प्रधान व सचिव को कई बार सूचना देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इस गंभीर मामले की जानकारी बदायूं के पशु प्रेमी विकेंद्र शर्मा को एक ग्रामीण द्वारा कॉल के माध्यम से मिली, जिसके बाद उन्होंने इसे स्वदेश केसरी न्यूज़ से शेयर किया।
दुर्गंध और भय का माहौल
ग्राम वासियों का कहना है कि मृत पशु की वजह से क्षेत्र में तेज़ दुर्गंध फैल रही है और बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। साथ ही कुत्तों का झुंड लगातार शव को खा रहा है, जिससे बच्चों और राहगीरों के लिए भी खतरा बना हुआ है।
जिम्मेदार मौन, सफाई नदारद
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव को इसकी सूचना दी गई थी, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बावजूद ना तो सफाई कराई गई और ना ही शव को हटवाया गया। इससे स्पष्ट होता है कि प्रशासनिक तंत्र गांव की समस्याओं के प्रति लापरवाह है।
पशु प्रेमी विकेंद्र शर्मा ने जताई चिंता
पशु हितों के लिए हमेशा सक्रिय रहने वाले विकेंद्र शर्मा ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों से तुरंत कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि,
“गौवंश हिन्दू समाज की आस्था का प्रतीक है और उसका इस तरह सड़क पर पड़े रहना न केवल धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाता है, बल्कि यह प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़ा करता है।”
मांग: शव का निस्तारण और जिम्मेदारों पर कार्रवाई
गांव वालों ने प्रशासन से मृत गौवंश के शव को तुरंत हटवाने, इलाके को सेनिटाइज करने और इस अनदेखी के लिए ग्राम प्रधान व सचिव के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


























