




बदायूं | 8 जून सिख धर्म के पाँचवें गुरु श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज के शहीदी दिवस के अवसर पर श्री गुरु रामदास सेवा सोसायटी, पंजाबी मोहल्ला बदायूं द्वारा आज पंजाबी चौक पर एक विशाल छबील (शरबत सेवा) का आयोजन किया गया।
समाजसेवा की मिसाल बने इस आयोजन में सुबह 8:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक राहगीरों और आमजन को शीतल मीठा शरबत वितरित किया गया, जिसमें सैंकड़ों लोगों ने भाग लेकर प्यास बुझाई और सेवा का आनंद लिया।
इस छबील का उद्देश्य ना केवल गुरु अर्जन देव जी के बलिदान को याद करना था, बल्कि समाज को सेवा, सहिष्णुता और परोपकार का संदेश भी देना था।
सेवा में जुटे रहे समिति सदस्य
यह पूरा आयोजन श्री गुरु रामदास सेवा सोसायटी के समर्पित सदस्यों द्वारा आयोजित और संचालित किया गया। सभी सदस्यों ने आपसी समर्पण और उत्साह से मिलकर सेवा की। समिति के सभी मेंबरों ने स्वयं उपस्थित रहकर छबील में तन, मन, धन से योगदान दिया।
समाज के लिए बना प्रेरणा
इस सेवा कार्य ने समाज के लोगों को धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी का बोध भी कराया। राह चलते लोगों ने छबील के आयोजन को सराहा और आयोजकों को धन्यवाद दिया।गौरतलब है कि गुरु अर्जन देव जी का जीवन बलिदान, सहनशीलता और मानवता की सेवा का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से उनके संदेश और शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाया जाता है।


























