
बिल्सी (बदायूं): पं. दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत नारी विकास वेलफेयर सोसाइटी (संचालिका पूनम शर्मा) द्वारा संचालित सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन पर जेएस पैलेस, बिल्सी में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 500 महिला प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण पूर्ण करने के उपरांत प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री बी.एल. वर्मा के सुपुत्र श्री हर्षवर्धन राजपूत, नगर पालिका परिषद बिल्सी की अध्यक्ष श्रीमती ज्ञान देवी सागर तथा पूर्व पालिका अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश सागर मौजूद रहे। इन सभी अतिथियों ने महिला प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र सौंपकर उनके आत्मनिर्भर बनने की दिशा में उठाए गए कदम की सराहना की।
कार्यक्रम में सभी 500 महिला प्रशिक्षु उपस्थित रहीं और उन्होंने इस प्रशिक्षण को अपने जीवन में लाभकारी बताया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला नगरीय विकास अभिकरण डूडा (बदायूं) के सहयोग से संचालित किया गया था, जिसका उद्देश्य महिलाओं को हुनरमंद बनाकर स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना है।


























