बिल्सी। बदायूं-बिल्सी-इस्लामनगर मार्ग पर संचालित निजी बस सेवा में एक बड़ा विवाद सामने आया है। आज शनिवार शाम को बदायूं स्थित बस स्टैंड से बिल्सी इस्लामनगर के लिए रवाना होने वाली आखिरी निजी बस (नंबर UP 24 AT 6303) को निर्धारित समय से ठीक पहले अचानक कैंसिल कर दिया गया। इस फैसले से बस में बैठी दो दर्जन से अधिक सवारियों में आक्रोश फैल गया। इनमें अधिकतर महिलाएं थीं, जो बिल्सी, इस्लामनगर और आसपास के क्षेत्रों में जाने के लिए बस में बैठी थीं।प्राइवेट बस, जो आमतौर पर शाम 5:30 बजे बदायूं बस स्टैंड से इस्लामनगर के लिए रवाना होती है, में सवारियां भर चुकी थीं। लेकिन निर्धारित समय से 5 मिनट पहले, बस स्टाफ ने “बस कैंसिल होने” का बहाना बनाकर सभी सवारियों को उतार दिया। यात्रियों ने इसका विरोध किया और बस स्टाफ से बहस भी हुई, लेकिन स्टाफ ने लापरवाही और हठधर्मिता दिखाते हुए बस को स्टैंड पर खड़ा कर दिया और आगे का सफर रद्द कर दिया।
सवारियों का गुस्सा:
बस में मौजूद कुछ यात्रियों ने स्टाफ के इस रवैये को लेकर नाराजगी जाहिर की। यात्रियों का कहना है कि बिना किसी पूर्व सूचना के इस तरह बस कैंसिल करना अनुचित है। खासकर महिलाओं और बच्चों को समय पर गंतव्य तक पहुंचाने में हुई असुविधा को लेकर यात्री बेहद परेशान हुए।
प्रशासन से शिकायत:
घटना के बाद बस में मौजूद कुछ प्रबुद्ध नागरिकों ने जिला प्रशासन को शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि बस स्टाफ का यह रवैया न केवल यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार है, बल्कि यह यातायात व्यवस्था की असफलता को भी दर्शाता है। उन्होंने मांग की है कि प्रशासन इस मामले की जांच करे और जिम्मेदार स्टाफ पर कार्रवाई की जाए।
स्थानीय प्रशासन से अपेक्षा:
इस तरह की घटनाओं से सवारियों को समय और सुविधाओं के प्रति विश्वास कम हो रहा है। यात्रियों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस समस्या का समाधान करेगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होगी।

























