बिल्सी: सावन के महीने में कासगंज डिपो द्वारा संचालित मुरादाबाद वाया बिल्सी-चंदौसी बस सेवा पिछले चार सप्ताह से लगातार अस्त-व्यस्त पड़ी हुई है। आज भी दूसरी बस, जो सुबह 9:00 बजे कासगंज से चलनी थी, चलते ही खराब हो गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि स्वदेश केसरी की पहल पर दो महीने पहले कासगंज से मुरादाबाद के लिए एक और बस सेवा शुरू की गई थी, जिसका बिल्सी आने का समय सुबह 10:30 बजे निर्धारित है। आज भी यह बस अपने समय पर कासगंज से चली, लेकिन थोड़ी दूर चलने के बाद ही खराब हो गई। इसे एक घंटे बाद ठीक कर पुनः रवाना किया गया।
डिपो अधिकारियों का कहना है कि लोड फैक्टर मानक के अनुरूप नहीं आ रहा है, जिससे बस सेवा सुचारू रूप से संचालित करने में दिक्कत हो रही है। वहीं, स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों ने कासगंज डिपो से नई और बेहतर बसों की मांग की है, ताकि इस मार्ग पर बसें नियमित रूप से और बिना किसी व्यवधान के चलती रहें।
आपको बता दें कि कासगंज डिपो की पहली बस सेवा पिछले एक दशक से मुरादाबाद के लिए सफलतापूर्वक संचालित हो रही है, और उसका लोड फैक्टर मानक से कहीं अधिक है। इसके विपरीत, दूसरी खटारा बस सिर्फ एक या दो दिन चलकर बंद हो जाती है, जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

























