प्रदीप कुमार शर्मा,एडिटर इन चीफ
गुवाहाटी. गृहमंत्री अमित शाह 2 दिन के दौरे पर आधी रात गुवाहाटी पहुंचे. गृहमंत्री अमित शाह का स्वागत करने के लिए असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल खुद एयरपोर्ट पहुंचे थे. शाह दो दिन के दौरे के दौरान 26 और 27 दिसंबर को गुवाहाटी और इंफाल में रहेंगे. वह असम में वह स्थानीय जनजातीय समूह से मुलाकात करेंगे और मेडिकल कालेज की आधारशिला रखेंगे. वहीं, अगले दिन 27 दिसंबर को इंफाल में पुलिस हेडक्वार्टर के निर्माण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. गृह मंत्री असम के 8000 नामघर वैष्णव संतों के बीच वित्तीय सहायता का वितरण भी करेंगे. गौरतलब है कि अगले साल असम में विधानसभा चुनाव होने हैं.
असम की दो दिवसीय यात्रा के दौरान, वह कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, शाह नगांव में बाताद्रव थान के विकास के लिए आधारशिला भी रखेंगे। परियोजना का उद्देश्य सांस्कृतिक और पर्यटन स्थल में बदलना है। इसके बाद राज्य में 10 मेडिकल कॉलेजों के साथ गुवाहाटी में पूर्वोत्तर क्षेत्र के सबसे बड़े मेडिकल कॉलेज की आधारशिला भी रखी जाएगी।
स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, अमित शाह के दौरे के दौरान पूर्व मंत्री और निष्कासित कांग्रेस विधायक अजंता नेग सहित कुछ स्थानीय स्वतंत्र नेताओं के भाजपा में शामिल होने की उम्मीद है। यह दौरा ऐसे समय में आया है, जब राज्य नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन देख रहे हैं। क्योंकि विभिन्न स्थानीय संगठनों ने विवादास्पद अधिनियम के खिलाफ अपने आंदोलन को नए सिरे से शुरू किया है।
27 दिसंबर को अमित शाह इम्फाल जाएंगे और मणिपुर में कई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। असम में अगले साल चुनाव होंगे। 2016 में राज्य के मतदाताओं ने 60 सीटों के साथ भाजपा को सबसे बड़ी पार्टी बनाते हुए एक खंडित जनादेश दिया। असम विधानसभा में 126 सीटे हैं।
गृह मंत्री अमित शाह भले ही देर रात गुवाहाटी पहुंचे थे लेकिन उनके स्वागत के लिए राज्य सरकार ने काफी इंतजाम किया था. एयरपोर्ट से निकलते वक्त शाह का स्वागत लोक कलाकारों ने अपने अंदाज में किया. गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बारदोलोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य के जरिए अमित शाह के दौरे को यादगार बनाने की कोशिश की. इस दौरान असम के वित्त मंत्री हिमंत विश्व शर्मा भी मौजूद थे. बता दें कि हिमंत विश्व शर्मा पूर्वोत्तर एनडीए के संयोजक भी हैं.
हिमंत विश्व शर्मा ने बताया कि अमित शाह अपने दौरे के पहले दिन महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव के जन्मस्थान के सौंदर्यीकरण कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे. इसके साथ ही गृहमंत्री गुवाहाटी में मेडिकल कॉलेज की आधारशिला भी रखेंगे. अगले कुछ महीनों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों का जायजा लेने के लिए अमित शाह असम में एनडीए के क्षेत्रीय दलों से भी मुलाकात करेंगे. गृह मंत्री असम गण परिषद, यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल और गणशक्ति के नेताओं से मुलाकात करेंगे.
कोविड के कारण बदली गई थी तारीख
भारत के उत्तर पूर्वी राज्यों के दौरे पर निकले शाह की मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह से मुलाकात की संभावना थी. लेकिन कोविड-19 (Covid-19) पॉजिटिव आने के बाद सीएम सिंह को आइसोलेट किया गया था. यही वजह रही कि शाह के दौरे की तारीखों में बदलाव किया गया. सिंह के अलावा शाह राज्य की गवर्नर नजमा हेपतुल्ला, बीजेपी के नेताओं, विधायकों और मंत्रियों से मुलाकात करेंगे. मीडिया रिपोर्ट्स के दौरान शाह और सीएम सिंह के बीच इंडो-नागा शांति वार्ता पर चर्चा हो सकती है.
इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा
शाह के इस दौरे पर कई बडे़ मुद्दों को लेकर चर्चा होने की संभावना है. अंग्रेजी अखबार द इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, सूत्र बताते हैं कि छठी अनुसूची में संशोधन, मणिपुर भूमि सुधार और राजस्व अधिनियम, उग्रवाद, मणिपुर बीजेपी इकाई संगठन में बदलाव, ड्रग्स और इंडो-म्यांमार सीमा मुद्दों पर बात हो सकती है.


























