विज्ञापन वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस
विभोर पाराशर की रिपोर्ट
वाराणसी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बना नया संसदीय कार्यालय एक बार फिर चर्चा में है. इस बार वाराणसी की गुरुधाम कॉलोनी में स्थित पीएम मोदी के कार्यालय को किसी शरारती तत्त्व ने बिक्री के लिए ऑनलाइन खरीदो बेचो साइट ओएलएक्स (OLX) पर बिक्री के लिए डाल दिया. ओएलएक्स पर बिक्री के विज्ञापन के बाद चर्चा तेज हो गयी कि आखिर पीएम का कार्यालय क्यों बेचा जा रहा है. किसी शरारती तत्त्व ने इस कार्यालय के बिक्री का विज्ञापन डालते हुए कीमत क़रीब साढ़े सात करोड़ लगाई.ओएलएक्स पर प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय की फोटो के साथ 7.5 करोड़ रुपये में इसकी बिक्री का विज्ञापन पोस्ट किया गया था. विज्ञापन में बताया गया था कि यह प्रॉपर्टी हाउसेज एंड विला, चार बेडरूम और बाथरूम के साथ आता है. इसका बिल्डअप एरिया 6500 वर्ग फुट और दो मंजिल भवन में दो कार पार्किंग के साथ ही नार्थ ईस्ट फेसिंग है. इसके साथ ही, प्रोजेक्ट का नाम पीएमओ कार्यालय वाराणसी लिखा गया था.
जानकारी के मुताबिक वाणिज्यिक साइट ओएलएक्स पर पीएम मोदी के संसदीय कार्यालय बिक्री का विज्ञापन लक्ष्मीकांत ओझा नाम के यूजर की आईडी से शेयर किया गया है. हालांकि इस मामले की जांच चल रही है. वाराणसी एसएसपी, अमित कुमार पाठक ने मामले बताया कि ओएलएक्स पर दिए गए विज्ञापन को तत्काल हटा लिया गया है और इस मामले की जांच कराई जा रही है.
विज्ञापन वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस
गुरुवार को प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय के बेचे जाने वाला विज्ञापन जब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, तब पुलिस हरकत में आई और अब 4 लोगों को इस संबंध में गिरफ्तार किया गया है. वाराणसी के एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि ओएलएक्स द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है. इसके साथ ही, मोबाइल नंबर की मदद से चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. जल्द ही चारों की गिरफ्तारी के बारे में जानकारी दी जाएगी.


























