बिल्सी, 27 अगस्त। रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में नगर के इस्लामिया इंटर कॉलेज में राखी सजाओ एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मकता, कला-कौशल और कल्पनाशीलता का शानदार प्रदर्शन किया।
राखी सजाओ प्रतियोगिता में कक्षा छह की कायनात ने प्रथम, कक्षा पांच की समरीन ने द्वितीय तथा कक्षा सात के अयान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं मेहंदी प्रतियोगिता में कक्षा नौ की अल्फिया प्रथम तथा कक्षा नौ की जोया फात्मा द्वितीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक राखियां तैयार करने के साथ ही मेहंदी की सुंदर डिजाइनों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। विद्यालय परिसर में आयोजन को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अम्बुज वार्ष्णेय ने विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच और आगे बढ़ने की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने सभी विजेताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों का भी उत्साहवर्धन किया।
प्रधानाचार्य ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग करने वाले विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।
























