

बिल्सी। नगर के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में मंगलवार को कक्षा पीजी से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों के लिए राखी मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, कलात्मक अभिव्यक्ति और भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना रहा।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे धागों, मोतियों, रिबन, सजावटी सामग्री समेत विभिन्न वस्तुओं का प्रयोग कर आकर्षक और सुंदर राखियां तैयार कीं। बच्चों ने पारंपरिक डिजाइनों के साथ आधुनिक एवं अभिनव शैली की राखियां बनाकर अपनी कल्पनाशीलता और सृजनात्मक कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और रिश्तों की भावना को भी रचनात्मक रूप से अभिव्यक्त किया। राखियां तैयार करते समय बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं में श्रीजा (पीजी), कृतिका माहेश्वरी (एनसी), सैयांश वार्ष्णेय (केजी), उत्कर्ष (कक्षा 1), रशमी (कक्षा 2), अनन्या माहेश्वरी (कक्षा 3), सार्थक माहेश्वरी (कक्षा 4), आयुष यादव (कक्षा 5), त्रिज्ञा आर्य (कक्षा 6), अविका माहेश्वरी (कक्षा 7), पूर्वी शर्मा (कक्षा 8), तान्या माहेश्वरी (कक्षा 9), ध्रुविका सिंह (कक्षा 10) और श्रद्धा (कक्षा 11) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय एवं निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और त्योहारों से जुड़ी गतिविधियां बच्चों को अपनी परंपराओं से जोड़ने के साथ उनमें सहयोग, सृजनशीलता और संस्कारों का विकास करती हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों की कल्पनाशक्ति, आत्मविश्वास और कार्य-कौशल को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित समस्त विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।























