उघैती। बदायूं-बिजनौर हाईवे पर उघैती थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा गांव टिटौली स्थित राजेश्वरी पब्लिक स्कूल के निकट हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदायन पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव बेहंटा गोसाई निवासी गुफरान पुत्र अबरार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुफरान किसी काम से इस्लामनगर की ओर गया था और वहां से बाइक द्वारा वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बदायूं-बिजनौर हाईवे पर टिटौली गांव के निकट उसकी बाइक की रोडवेज बस से जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर उघैती पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रैदन भेजा गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि हादसे के बाद रोडवेज बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों और फरार चालक की पहचान के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

उधर, युवक की मौत की खबर जैसे ही उसके परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हादसे की जांच के साथ ही रोडवेज बस चालक की तलाश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here