
बदायूं। भारत विकास परिषद की गौरी शंकर शाखा की बैठक शाखा अध्यक्ष आरके उपाध्याय की अध्यक्षता में हुई। बैठक में 31 अगस्त को नगर के जूनियर हाईस्कूल एवं इंटर कॉलेजों में होने वाली ‘अखिल भारतीय भारत को जानो प्रतियोगिता’ की तैयारियों पर चर्चा कर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय सक्सेना ने बताया कि प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग के करीब 2,000 और सीनियर वर्ग के 3,000 विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। सचिव सौरभ रस्तोगी ने बताया कि सभी विद्यालयों में सुबह 7:30 बजे तक प्रश्नपत्र एवं ओएमआर शीट पहुंचा दी जाएगी।
शाखा संरक्षक चंद्र प्रकाश गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष परीक्षा की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता के लिए देशभर में प्रतियोगिता एक ही दिन 31 अगस्त को आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता से विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित होगी।
बैठक में संरक्षक रामौतार मिश्रा, जिला संयोजक आयुष भारद्वाज, कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा, अशोक गौड़, राजेंद्र गुलाटी, देवेंद्र गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

























