होम राज्य उत्तर प्रदेश बिल्सी में दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत, एक युवक की मौत,...

बिल्सी में दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत, एक युवक की मौत, चार गंभीर घायल

बिल्सी। बदायूं-बिजनौर राज्य मार्ग पर शनिवार को नरैनी और पिंडोल गांव के बीच दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकों पर सवार पांच लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार ग्राम अंतपुर निवासी सगे भाई दीपक और मोहनलाल उर्फ सोनू शनिवार को बाइक से अपनी बहन के घर उघैती जा रहे थे। इसी दौरान नरैनी और पिंडोल गांव के बीच सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर अफजाल, शरीफ और राशिद सवार बताए जा रहे हैं।

दोनों बाइकों की टक्कर इतनी तेज थी कि सवार सभी लोग सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों ने पुलिस को सूचना देने के साथ घायलों की मदद की।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की सहायता से सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी बिल्सी पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मोहनलाल उर्फ सोनू को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल चार अन्य लोगों की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया गया।

युवक की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बदायूं भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here