होम राज्य उत्तर प्रदेश बिसौली-चंदौसी मार्ग हादसे में घायल पिता-पुत्र की मौत, गांव में पसरा मातम,इलाज...

बिसौली-चंदौसी मार्ग हादसे में घायल पिता-पुत्र की मौत, गांव में पसरा मातम,इलाज के दौरान दोनों ने तोड़ा दम, चार मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

बिल्सी । बिसौली-चंदौसी मार्ग पर धुरेकी मुड़िया के पास हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। कई दिनों तक मुरादाबाद और दिल्ली के अस्पतालों में चले उपचार के बाद दोनों ने दम तोड़ दिया। बुधवार देर रात पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही दोनों के शव गांव दिधौनी पहुंचे, पूरे गांव में मातम छा गया और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा।

जानकारी के अनुसार, गांव दिधौनी निवासी चिरौंजी अपने पुत्र मनोज के साथ 24 जुलाई की सुबह बाइक से अपनी बेटी के घर जा रहे थे। धुरेकी मुड़िया के निकट सामने से आए तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसौली ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें चंदौसी और फिर बेहतर इलाज के लिए मुरादाबाद ले गए।

मुरादाबाद में उपचार के बाद दोनों को दिल्ली रेफर किया गया। सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान पहले चिरौंजी और कुछ घंटे बाद उनके पुत्र मनोज ने भी अंतिम सांस ले ली।

बुधवार देर रात पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव गांव पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक मनोज अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और दो पुत्रियों सहित चार छोटे-छोटे बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर दिया है। क्षेत्र के लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here