बिल्सी (बदायूं)। विद्यार्थियों में स्वच्छता, अनुशासन, समयबद्धता एवं अध्ययन सामग्री को सुव्यवस्थित रखने की आदत विकसित करने के उद्देश्य से भूदेवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज, बिल्सी में बस्ता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय द्वारा गठित चार सदस्यीय टीम ने विद्यार्थियों के बस्तों का निरीक्षण कर पुस्तकों, कॉपियों, स्टेशनरी एवं अन्य अध्ययन सामग्री की सुव्यवस्थित व्यवस्था के आधार पर उनका मूल्यांकन किया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार शर्मा ने कहा कि विद्यार्थी का बस्ता केवल किताबें रखने का साधन नहीं होता, बल्कि यह उसके अनुशासन, जिम्मेदारी और अध्ययन के प्रति समर्पण का परिचायक भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने बस्ते और अध्ययन सामग्री को सदैव व्यवस्थित रखने की प्रेरणा दी।

विद्यालय के प्रबंधक सुरेश बाबू गुप्ता ने कहा कि अच्छी आदतों का निर्माण बचपन से ही होता है। यदि विद्यार्थी अपने बस्ते और अध्ययन सामग्री को व्यवस्थित रखने की आदत विकसित करेंगे तो इसका सकारात्मक प्रभाव उनकी पढ़ाई, व्यक्तित्व और भविष्य पर भी दिखाई देगा।

प्रतियोगिता में माधव वार्ष्णेय, पार्थ शाक्य, प्रियांशी वार्ष्णेय, पूर्वांक वार्ष्णेय, नभ वार्ष्णेय, आरव माहेश्वरी, जीवांश तथा ओम असावा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के सफल संचालन एवं आयोजन में अतुल वार्ष्णेय, पीयूष यादव, सीमा वर्मा, लक्ष्मी शर्मा, अनीता पाल एवं अंशिका माहेश्वरी का विशेष सहयोग रहा। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here