बिल्सी (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र में बदायूं-बिजनौर हाईवे स्थित वैन ईंट भट्ठे के निकट नाई पिंडरी जाने वाले कच्चे रास्ते पर गुरुवार सुबह एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह राहगीरों ने खेत में एक पेड़ से युवक का शव लटका देखा। इसकी सूचना स्थानीय लोगों व पुलिस को दी गई। सूचना पर कोतवाल मनोज कुमार, इंस्पेक्टर क्राइम बी.के. मौर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की।

मृतक की पहचान उसके मोबाइल फोन के आधार पर विवेक सिंह (25 वर्ष) पुत्र मुनेश सिंह, निवासी ग्राम उखरी नवादा, थाना कटरा, जनपद शाहजहांपुर के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि विवेक अपने परिवार के साथ नोएडा में रहकर मजदूरी करता था।

मृतक के बहनोई सुनील चौहान ने बताया कि बुधवार को विवेक का अपनी पत्नी प्रियंका तथा माता-पिता से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसके बाद वह अपनी बहन रामा, पत्नी सुनील चौहान, निवासी ग्राम निजामपुर, थाना बिल्सी के घर आने की बात कहकर नोएडा से निकला था। गुरुवार सुबह उसका शव बिल्सी क्षेत्र में पेड़ पर फंदे से लटका मिला।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है और उनके बिल्सी पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here