बिसौली से अबज़ल हुसैन की रिपोर्ट
बिसौली। श्री राममूर्ति स्मारक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में शुक्रवार को “देह से दिव्यता तक” विषय पर विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बिसौली की मूल निवासी एवं राष्ट्रीय ब्राह्मण सेवा संस्थान तथा ‘उड़ान–एक प्रयास’ की अध्यक्ष नीलिमा पाठक को देहदान का संकल्प लेने पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्थान के संस्थापक एवं चेयरमैन देवमूर्ति ने नीलिमा पाठक को शॉल ओढ़ाकर, जीवन के प्रतीक स्वरूप पौधा, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर एनाटॉमी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. नमिता मेहरोत्रा, डॉ. एयर मार्शल एम.एस. वाटला, लखनऊ से विधान परिषद सदस्य डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, संस्थान के विभिन्न विभागों के अतिथि तथा बड़ी संख्या में मेडिकल छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
सम्मान के बाद नीलिमा पाठक ने कहा कि उनकी इच्छा है कि उनके निधन के बाद उनकी आंखें किसी जरूरतमंद को दान की जाएं, ताकि उनके न रहने पर भी कोई इस दुनिया को उनकी आंखों से देख सके। उन्होंने कहा कि उनके शरीर का शेष भाग मेडिकल छात्रों के अध्ययन एवं शोध कार्य में उपयोगी बने।
उन्होंने लोगों से देहदान के लिए आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि “देहदान एक पावन कार्य है। जिससे दूसरों का भला हो, वही सबसे बड़ा धर्म है। आइए हम सब इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें, ताकि हम ‘जिंदगी के साथ भी, जिंदगी के बाद भी’ समाज के काम आ सकें।”


























