निर्भय सिंह, जिला संवाददाता, फिरोजाबाद की रिपोर्ट


फिरोजाबाद। भारतीय वैश्य महासभा (महिला) की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को शिवम गेस्ट हाउस, फिरोजाबाद में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों ने भाग लेते हुए वैश्य समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने, महिलाओं को नेतृत्व की मुख्यधारा से जोड़ने तथा संगठन के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भी मंथन किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि निकट भविष्य में लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू होने की संभावना है। ऐसे में वैश्य समाज की महिलाओं को सामाजिक क्षेत्र तक सीमित न रहकर राजनीति में भी सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लोकसभा और विधानसभाओं में वैश्य समाज का प्रतिनिधित्व उसकी जनसंख्या के अनुपात में काफी कम है, इसलिए सभी राजनीतिक दलों से समाज के योग्य और सक्षम उम्मीदवारों को टिकट देने की मांग की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय वैश्य महासभा ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 100 वैश्य प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारने का संकल्प लिया है और समाज से पार्टी से ऊपर उठकर अपने समाज के प्रत्याशियों का समर्थन करने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय प्रधान महासचिव डॉ. संजीव कुमार वार्ष्णेय ने कहा कि संगठन तेजी से विस्तार कर रहा है और शीघ्र ही उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में संगठनात्मक ढांचा पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय वैश्य महासभा सभी वैश्य उपवर्गों को एक मंच पर लाकर उनमें राजनीतिक चेतना जागृत करने का कार्य कर रही है।
राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष गीता वार्ष्णेय ने महिलाओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने और सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है।
बैठक को राष्ट्रीय सचिव राजीव कुमार अग्रवाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संध्या बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी (महिला) ममता गुप्ता तथा बैठक संयोजिका साधना गुप्ता ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने संगठन के विस्तार, समाज की एकजुटता और राजनीतिक सशक्तिकरण पर अपने विचार रखे।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से शैलेंद्र कुमार गुप्ता को भारतीय वैश्य महासभा का महानगर अध्यक्ष, फिरोजाबाद तथा पूजा अनुराग इंदौलिया को महानगर अध्यक्ष (महिला), फिरोजाबाद मनोनीत किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों का उपस्थित जनों ने फूलमालाओं से स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में राजेश गुप्ता, मीरा वार्ष्णेय, प्रीति सिंघल, कल्पना अग्रवाल, सुनीता बंसल, कन्हैया अग्रवाल, माधुरी गुप्ता, गीता देवी, रुक्मा गुप्ता, विक्रम गुप्ता, स्वाती गुप्ता, वंदना गुप्ता, अमित मित्तल, सारिका गुप्ता, अनिल कुमार गुप्ता सहित वैश्य समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन गुप्ता ने किया, जबकि अंत में संगठन पदाधिकारियों ने सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए समाज की एकता और संगठन की मजबूती के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।


























