होम स्वदेश केसरी ब्यूरो अब बिल्सी में होगी विज्ञान की पढ़ाई, महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय में...

अब बिल्सी में होगी विज्ञान की पढ़ाई, महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय में बीएससी विज्ञान संकाय का हुआ शुभारंभ, तीन दशक पुराना सपना हुआ साकार,छात्रों में खुशी की लहर,

बिल्सी (बदायूं)। बिल्सी स्थित महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय में नए शैक्षिक सत्र के साथ बीएससी विज्ञान संकाय का शुभारंभ समारोहपूर्वक किया गया। गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर विज्ञान संकाय का शुभारंभ किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि शिक्षा ही समृद्ध और विकसित समाज की सबसे मजबूत नींव होती है। उन्होंने कहा कि बिल्सी क्षेत्र में विज्ञान संकाय की स्थापना क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग थी, जो अब पूरी हो गई है। यह क्षेत्र की शिक्षा के इतिहास में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता के सहयोग और आशीर्वाद से महाविद्यालय में करीब तीन दशक पुराना सपना साकार हुआ है। अब विद्यार्थियों को विज्ञान वर्ग की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों दोनों की बचत होगी। उन्होंने बीएससी प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके उत्साह और आत्मविश्वास से क्षेत्र का युवा भविष्य नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य पंकज कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि विज्ञान संकाय के शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का बेहतर अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता विवेक राठी, संजीव वार्ष्णेय, आदित्य माहेश्वरी, गगन राठी, अमित मिश्रा, राहुल वार्ष्णेय, हरिओम राठौर, पीयूष राठी सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here