
बदायूं। राजमहल गार्डन में आयोजित ‘एक तू सच्चा तेरा नाम सच्चा’ मंत्र ऋषि सत्पुरुष बाबा फुलसंदे वालों के दो दिवसीय सत्संग का मंगलवार को श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ समापन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ ईश प्रार्थना से किया गया।
समापन दिवस पर सदर विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने बाबा को चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। जिला सहकारी बैंक चेयरमैन जितेंद्र कुमार सक्सेना, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता और बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार ने पटका पहनाकर बाबा का स्वागत किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने माल्यार्पण कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
सत्पुरुष बाबा फुलसंदे वाले ने प्रवचन में कहा कि सत्य, धर्म और पुण्य के मार्ग पर चलने वाले मनुष्य का जीवन कल्याणकारी बनता है। उन्होंने कहा कि आज लोग झूठ और फरेब को चतुराई समझने लगे हैं, जबकि सच्चाई का पालन करने से ही मन को शांति और जीवन को सही दिशा मिलती है। उन्होंने परमात्मा के नाम स्मरण, सत्कर्म और गुरु की शरण में रहने का संदेश दिया।
बाबा ने कहा कि जीवन क्षणभंगुर है, इसलिए मनुष्य को किसी का दिल दुखाने के बजाय प्रेम, सेवा और सदाचार के साथ जीवन जीना चाहिए। सत्संग के उपरांत अनेक श्रद्धालुओं ने ‘एक तू सच्चा तेरा नाम सच्चा’ मंत्र की दीक्षा ग्रहण की।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, जिला मंत्री उदयवीर सिंह यादव, राजेश कुमार, अमित यादव, आयुष भारद्वाज, सीपी सिंह, अक्षत, कौस्तुभ, प्रखर, डॉ. प्रतिष्ठा, मीना रानी, राजेश्वरी राठौर, रजनी यादव, प्रेमलता, अंजू रानी, हरीश यादव, ऋषिपाल, भगवान सिंह, रामावतार मिश्रा, आरके शर्मा, मो. अराफात खान, मो. उजैर अहमद, कमल, वैभव शर्मा, जवाहर रस्तोगी, राजेंद्र प्रसाद, रमन सिंह, सुधीर सक्सेना समेत बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी मौजूद रहे।


























