


बदायूं। ज्येष्ठ मास की निर्जला भीमसेनी एकादशी के अवसर पर सर्राफा बाजार स्थित 84 घंटा हनुमान मंदिर में श्रद्धा और सेवा भाव के साथ शीतल शरबत वितरण किया गया। तेज धूप और गर्मी से परेशान राहगीरों ने मंदिर पहुंचकर शीतल शरबत ग्रहण किया।
प्रातः 9 बजे मंदिर के पुजारी पंडित सुधीर मिश्रा ने जगत के पालनहार भगवान श्री नारायण हरि विष्णु की आरती उतारी। इसके बाद बेसन के लड्डुओं और शीतल शरबत का भोग लगाकर प्रसाद स्वरूप श्रद्धालुओं एवं राहगीरों में वितरण कराया गया।
पंडित सुधीर मिश्रा ने बताया कि निर्जला एकादशी पर व्रत रखने के साथ छाता, घड़ा, शीतल जल और शरबत का दान करना महापुण्यकारी माना गया है। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना करने से विशेष कृपा प्राप्त होती है और जीवन में सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है।
शरबत वितरण व्यवस्था में साहिल मिश्रा, अनमोल शर्मा, अंकित वर्मा, राहुल गुप्ता, प्रिंस वर्मा और अमन पंडित का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर प्रदीप पटवा, राजकुमार सिंह सेंगर, कन्हैया मिश्रा, वंश मिश्रा, शिवम देवल, अमन मौर्य, ध्रुव देवल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।


























