बदायूं। शहर के सर्राफा बाजार स्थित प्राचीन 84 घंटा हनुमान मंदिर में ज्येष्ठ पुरुषोत्तम मास का छठवां बड़ा मंगल पर्व मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और जय श्रीराम व जय हनुमान के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

मंदिर के पुजारी पंडित सुधीर मिश्रा ने प्रातः 7:30 बजे विधि-विधान से भगवान श्री हनुमान का विशेष पूजन-अर्चन कराया। इस दौरान हनुमान जी को सिंदूर और चमेली के तेल का लेपन कर चांदी के वर्क से सुसज्जित आकर्षक चोला अर्पित किया गया। इसके बाद नवीन वस्त्र एवं आभूषण धारण कराकर उनका भव्य और दिव्य श्रृंगार किया गया, जिसकी मनोहारी छटा ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूजन के उपरांत लड्डू एवं गुड़-चना का भोग अर्पित कर प्रसाद वितरित किया गया।

पुजारी सुधीर मिश्रा ने बताया कि भगवान श्रीराम के परम प्रिय भक्त हनुमान जी कलियुग के जागृत देव हैं और अपने भक्तों के संकटों का निवारण करने वाले संकटमोचन हैं। उन्होंने कहा कि ज्येष्ठ मास में श्रद्धापूर्वक हनुमान जी की आराधना करने से रोग, शोक, भय और जीवन की विभिन्न बाधाएं दूर होती हैं तथा भक्तों पर उनकी विशेष कृपा बनी रहती है।

उन्होंने बताया कि शाम 7:30 बजे मंदिर में श्री हनुमान जी की भव्य महाआरती आयोजित की जाएगी, जिसके पश्चात सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ होगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

विकास रस्तोगी एवं राघव रस्तोगी द्वारा श्री हनुमान जी को नवीन वस्त्र एवं आभूषण अर्पित किए गए तथा गुड़-चना और लड्डुओं का भोग लगाकर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर राजकुमार सिंह सेंगर, मनु अग्रवाल, ओम वैश्य, अंकित वैश्य, रामगोपाल, प्रदीप पटवा, कन्हैया, वंश, नरेश प्रजापति सहित बड़ी संख्या में श्रीराम एवं हनुमान भक्त उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here