विश्व हिंदू परिषद पदाधिकारी ने थाना पुलिस को सौंपा प्रार्थना पत्र

बदायूं। सोशल मीडिया पर कथित रूप से गौमांस से संबंधित एक वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों में रोष व्याप्त हो गया है। मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने थाना फैजगंज बेहटा पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।

दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री शुभम शर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कथित रूप से गौमांस को तौला जाता दिखाई दे रहा है। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि वीडियो में गाय के मांस के टुकड़े और सिर भी दिखाई दे रहा है, जिससे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और लोगों में आक्रोश है।

विश्व हिंदू परिषद पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा वीडियो में दिखाई देने वाले और घटना में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द को प्रभावित कर सकती हैं, इसलिए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई आवश्यक है।

प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। पुलिस ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here