




बिल्सी। बिल्सी विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरीश शाक्य का जन्मदिन बुधवार को जनहित, लोककल्याण और विकास कार्यों को समर्पित रहा। जन्मदिन के अवसर पर विधायक ने नगर में कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। वहीं क्षेत्र की जनता और समर्थकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके द्वारा कराए गए विकास कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रमों की श्रृंखला में विधायक हरीश शाक्य ने गांधी पार्क स्थित नवनिर्मित बारातघर का लोकार्पण किया। इसके बाद बिल्सी नगर में पथ प्रकाश व्यवस्था का लोकार्पण किया गया। साथ ही गांधी पार्क से गल्ला मंडी की ओर जाने वाले मार्ग पर सीसी रोड निर्माण कार्य का शिलान्यास भी विधायक ने किया।
इस दौरान विधायक ने गांधी पार्क में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। इसके बाद इस्लामनगर रोड स्थित मेडिकेयर हॉस्पिटल में आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया गया, जहां लोगों को स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि बिल्सी क्षेत्र के पिछड़ेपन को दूर करना और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता के सहयोग और आशीर्वाद से विकास कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। यदि जनता का स्नेह और समर्थन इसी प्रकार मिलता रहा तो बिल्सी विधानसभा क्षेत्र में विकास की गति और तेज की जाएगी।
जन्मदिन के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने विधायक को माल्यार्पण कर बधाई दी तथा उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।


























