



बिसौली (बदायूं)। मोहर्रम के मौके पर शुक्रवार शाम बिसौली नगर में अकीदत और ग़मगीन माहौल के बीच ताज़िया जुलूस निकाला गया। बड़ी तादाद में अज़ादारों ने जुलूस में शिरकत कर हज़रत इमाम हुसैन की शहादत को याद किया और उन्हें ख़िराज-ए-अकीदत पेश किया।
ताज़िया जुलूस पूर्व निर्धारित मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान जगह-जगह सबील-ए-शरबत और नियाज़ का एहतिमाम किया गया, जहां अज़ादारों और राहगीरों की ख़िदमत की गई। अज़ादारों ने मुल्क में अमन-ओ-अमान, खुशहाली और गंगा-जमुनी तहज़ीब कायम रहने की दुआएं मांगीं।
जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। कोतवाल कमलेश मिश्रा, चौकी प्रभारी अमित कुमार तथा कस्बा चौकी प्रभारी सुभाष सिंह पुलिस बल के साथ पूरे समय मुस्तैद रहे और सुरक्षा व्यवस्था का लगातार जायजा लेते रहे। प्रशासन की निगरानी में ताज़िया जुलूस शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुआ।


























