बिल्सी। नगर के गौशाला रोड स्थित एस.एम. स्कूल के निकट सड़क किनारे रखे विद्युत ट्रांसफार्मर में कथित रूप से करंट उतरने से एक गौवंश की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और गौ रक्षक टीम के सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लापरवाही का आरोप लगाया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर और आसपास के विद्युत उपकरणों में करंट उतरना गंभीर लापरवाही का मामला है। जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, राहगीर और सब्जी मंडी जाने वाले लोग गुजरते हैं। ऐसे में यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

गौ रक्षक टिंकू गुप्ता एवं अमन वार्ष्णेय ने बताया कि सड़क किनारे रखे ट्रांसफार्मर में करंट आने से गौमाता की मौत हुई है। उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम शुरू होने वाला है और ऐसे समय में खुले विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर तथा जर्जर तार लोगों और पशुओं के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं। उन्होंने बिजली विभाग से नगर के सभी बिजली पोल, ट्रांसफार्मरों एवं अन्य विद्युत उपकरणों की तत्काल जांच कराने की मांग की।

गौ रक्षक टीम ने चेतावनी दी कि यदि विभाग ने समय रहते सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त नहीं की तो भविष्य में और भी जान-माल की हानि हो सकती है। उन्होंने नगर के विभिन्न स्थानों पर लगे बिजली के पोलों में करंट की जांच कराए जाने और आवश्यक मरम्मत कार्य जल्द कराने की मांग उठाई।

घटना के बाद गौ रक्षक टीम के सदस्यों ने मृत गौवंश का विधिवत अंतिम संस्कार कराया। मौके पर टिंकू गुप्ता, अमन वार्ष्णेय, शिवम माहेश्वरी, हिमांशु ठाकुर, मेहुल गुप्ता, अजीम सहित कई लोग मौजूद रहे।

स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि बरसात से पहले नगर में विशेष अभियान चलाकर सभी बिजली पोल, ट्रांसफार्मरों और विद्युत लाइनों की सुरक्षा जांच कराई जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here