बिसौली। बिसौली विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं और विकास कार्यों को लेकर पूर्व विधायक कुशाग्र सागर ने बुधवार को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
पूर्व विधायक कुशाग्र सागर ने मुख्यमंत्री के समक्ष लालूआनगला क्षेत्र में लंबे समय से लंबित विद्युत उपकेंद्र स्थापना की मांग को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार बनी रहने वाली बिजली समस्याओं के कारण ग्रामीणों और किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए विद्युत उपकेंद्र की स्थापना बेहद आवश्यक है।
इसके अलावा उन्होंने बिसौली विधानसभा क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के सामने रखा। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा प्राप्त होगी।
भेंट के दौरान पूर्व विधायक ने कुछ अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर जनता में व्याप्त नाराजगी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जनहित कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। साथ ही उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं जवाबदेह बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित समाधान पर जोर दिया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक कुशाग्र सागर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ ही जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का कार्य भी पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता से कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में विकास, सुशासन और जनविश्वास लगातार मजबूत हो रहा है तथा आने वाले समय में बिसौली क्षेत्र में भी विकास कार्यों को और गति मिलेगी।


























