




बदायूं। शहर के सर्राफा बाजार स्थित प्रसिद्ध 84 घंटा हनुमान मंदिर में ज्येष्ठ मास के तृतीय बड़े मंगल का पर्व मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर को गेंदे के फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया। दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और जय श्रीराम व जय हनुमान के जयकारों से माहौल गूंजता रहा।
प्रातःकाल मंदिर के पुजारी सुधीर मिश्रा द्वारा श्री हनुमान जी को सिंदूर एवं चमेली के तेल का चोला चढ़ाकर नवीन वस्त्र और आभूषणों से भव्य-दिव्य श्रृंगार किया गया। इसके बाद विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर आरती उतारी गई तथा लड्डुओं का भोग अर्पित किया गया।
शाम को आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया। महाआरती के दौरान मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूब गया। श्रद्धालुओं ने हनुमान जी के दर्शन कर सुख-समृद्धि और मंगलकामना की प्रार्थना की।
मंदिर के पुजारी सुधीर मिश्रा ने बताया कि भगवान श्रीराम के परम भक्त श्री हनुमान जी कलयुग के जागृत देव हैं। उनकी कृपा से भक्तों के सभी संकट दूर होते हैं और जीवन में नई ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने बताया कि बड़ा मंगल का विशेष महत्व इसलिए भी माना जाता है क्योंकि इसी दिन भगवान श्रीराम और हनुमान जी का प्रथम मिलन हुआ था।
इस अवसर पर कपिल रस्तोगी, प्रिया रस्तोगी एवं उज्ज्वल रस्तोगी द्वारा हनुमान जी का विशेष श्रृंगार कराया गया तथा श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में राजकुमार सिंह सेंगर, राम गोपाल पटवा, नरेश कुमार प्रजापति, कन्हैया मिश्रा, प्रदीप पटवा, वंश मिश्रा, राजीव सैनी, शिवम देवल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं हनुमान भक्त उपस्थित रहे।


























