
बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव सिद्धपुर चित्रसेन में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, गगन (15 वर्ष) पुत्र राजेंद्र गांव के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के पोल के सपोर्टर के संपर्क में आ गया। करंट लगते ही वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिल्सी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि परिवार में 17 अप्रैल को गगन के तहेरे भाई की शादी होनी थी। इस खुशी के मौके पर परिवार के लोग हिमाचल प्रदेश से भी गांव पहुंचे हुए थे, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।शादी का माहौल देखते ही देखते मातम में बदल गया और गांव में कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बदायूं भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों ने हाईटेंशन लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं।


























