






बदायूं। श्रमिक दिवस के अवसर पर शहर के लॉर्ड कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें श्रमिकों के योगदान को सम्मानपूर्वक याद किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन सभा से हुई, जहां विद्यार्थियों को श्रम के महत्व और समाज में श्रमिकों की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया गया।
इस दौरान विद्यालय परिवार ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच स्कूल में कार्यरत सभी श्रमिकों के कार्यों की सराहना की। साथ ही उन्हें गुलाब का फूल और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे माहौल भावुक और उत्साहपूर्ण हो गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चेयरमैन वेदव्रत त्रिवेदी ने कहा कि किसी भी संस्था की सफलता में श्रमिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से श्रमिकों के प्रति सम्मान, सहयोग और कृतज्ञता का भाव बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वाइस चेयरमैन तेजस्व त्रिवेदी, निदेशिका छवि शर्मा व रीता शर्मा, शैक्षिक निदेशक देवव्रत त्रिवेदी तथा प्रधानाचार्य दीपक त्यागी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।


























