




बदायूं। शहर के मीरा चौकी स्थित श्री राम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित त्रिदिवसीय प्रांतीय प्रधानाचार्य सम्मेलन के दूसरे दिन शिक्षा के विभिन्न आयामों पर गहन चिंतन-मंथन किया गया। कार्यक्रम में शिशु, आचार्य एवं अभिभावक विकास को लेकर विशेष चर्चा हुई, जिसे विद्यालय विकास का अहम आधार बताया गया।
सम्मेलन में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान से संबद्ध शिशु शिक्षा समिति, ब्रज प्रांत के तत्वावधान में विद्यालय स्तर से लेकर अखिल भारतीय स्तर तक आयोजित होने वाले खेलकूद, विज्ञान मेला, प्रश्न मंच, वैदिक गणित मेला एवं संस्कृति ज्ञान परीक्षा जैसे कार्यक्रमों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वंदना सत्र के साथ हुआ, जिसमें मां सरस्वती के समक्ष मुख्य वक्ता क्षेत्रीय संगठन मंत्री डोमेश्वर साहू, प्रदेश निरीक्षक हरवीर सिंह एवं बाल कल्याण समिति के मंत्री मनीष सिंघल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित किया। इस दौरान सुनील कुमार सिंह पुंडीर, सुरेंद्र कुमार गोला एवं अन्य पदाधिकारियों ने पुष्पार्चन किया।
मुख्य वक्ता डोमेश्वर साहू ने कहा कि विद्या भारती के विद्यालय राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत शिक्षा के लिए समाज में विशेष पहचान रखते हैं। उन्होंने बताया कि विद्या भारती के पूर्व छात्र परिषद पोर्टल पर 10 लाख 65 हजार से अधिक पूर्व छात्र जुड़े हैं, जो विश्व के 70 देशों में सक्रिय हैं।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गायन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी और 25 सितंबर 2026 को पूरे देश में सुबह 11 बजे एक साथ वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया जाएगा।
द्वितीय सत्र में प्रदेश निरीक्षक हरवीर सिंह ने वार्षिक कार्य योजना में शिशु, आचार्य एवं अभिभावक विकास कार्यक्रमों को विद्यालय की उन्नति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
इस दौरान प्रांतीय योजनाओं एवं प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट योगदान देने पर दद्दन सिंह (एटा संकुल), दिनेश उपाध्याय (कमला नगर संकुल) एवं ओंकार गंगवार (नेकपुर संकुल) को क्षेत्रीय संगठन मंत्री डोमेश्वर साहू द्वारा पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सुनील कुमार सिंह ने किया, जबकि परिचय दद्दन सिंह ने कराया। सम्मेलन में सुनील कुमार सिंह पुंडीर, सुरेंद्र कुमार गोला, मदन लाल राजपूत, अमृतपाल सिंह, वीरेंद्र पाल झा, कालिका प्रसाद गंगवार, कमलेश कुमार गोला, राजकुमार सिंह सेंगर सहित ब्रज प्रांत के सभी प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।


























