बदायूं। बदायूं में मंचीय काव्य परंपरा को समर्पित प्रतिष्ठित ‘आचमन कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह’ का आयोजन इस वर्ष भी भव्य रूप से किया जा रहा है। आचमन फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह वार्षिक समारोह 5 अप्रैल 2026 को बदायूं क्लब में आयोजित होगा, जिसे लेकर साहित्य प्रेमियों में खासा उत्साह है।
फाउंडेशन की संस्थापक डॉ. सोनरूपा विशाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष ‘पंचम आचमन सम्मान’ वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. शिव ओम अंबर को प्रदान किया जाएगा। इससे पूर्व यह सम्मान प्रख्यात गीतकार संतोष आनंद, वरिष्ठ कवि एवं पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. उदय प्रताप सिंह, ओज के प्रसिद्ध कवि डॉ. हरिओम पवार तथा नवगीतकार यश मालवीय को दिया जा चुका है।
इस बार के कवि सम्मेलन में देशभर के नामचीन कवि और शायर अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम में गीतकार स्वयं श्रीवास्तव, शायर नदीम शाद, डॉ. मालविका हरिओम, ओज कवि मोहित शौर्य, गीतकार रामायण धर द्विवेदी, बदायूं की पहचान शायर कुमार आशीष, जोधपुर से युवा कवयित्री आयुषि राखेचा, बिहार से सर्वेश तिवारी ‘श्रीमुख’ तथा ‘कवि कनेक्ट’ प्रतियोगिता की विजेता उदयपुर की रश्मि शर्मा शामिल होंगी।
कार्यक्रम की एक खास विशेषता यह भी रहेगी कि बदायूं क्लब में ‘पुस्तक वीथिका’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जनपद के साहित्यकारों की पुस्तकों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। साथ ही जनवरी माह में आयोजित ‘डॉ. उर्मिलेश वंदे मातरम् काव्य प्रतियोगिता’ के विजेताओं को भी इस मंच पर सम्मानित किया जाएगा।
समारोह में कई विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति भी रहेगी, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ेगी। विशाल रस्तोगी, सह-संस्थापक आचमन फाउंडेशन ने शहरवासियों से इस भव्य कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है।


























