
बदायूं। बदायूं में भगवान महावीर स्वामी के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर 5 अप्रैल 2026, रविवार को भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत सुबह 9 बजे जैन मंदिर से शोभायात्रा धूमधाम के साथ निकाली जाएगी, जो नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः जैन मंदिर पर आकर सम्पन्न होगी। शोभायात्रा में भगवान महावीर के जीवन और उनके उपदेशों की झलकियां आकर्षक झांकियों के माध्यम से प्रस्तुत की जाएंगी, जिससे श्रद्धालु उनके आदर्शों से प्रेरणा ले सकें।
शोभायात्रा के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन भी रखा गया है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
जैन समाज में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है और तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। उक्त जानकारी रोहित जैन द्वारा दी गई।


























