बिल्सी। बिल्सी स्थित आर्य कन्या इंटर कॉलेज में मंगलवार को प्रधानाचार्या श्रीमती सुमन रानी के सेवानिवृत्त होने पर भावुक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। 31 मार्च 2026 को उन्होंने अपने लंबे और बेदाग सेवाकाल के बाद सेवा निवृत्ति प्राप्त की।
इस अवसर पर विद्यालय की अध्यापिकाओं एवं कर्मचारियों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी और उनके शिक्षा के प्रति समर्पण व अनुकरणीय कार्यशैली की सराहना की। समारोह के दौरान कई वक्ताओं ने उनके 34 वर्षों के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका कार्यकाल विद्यालय के लिए प्रेरणादायक रहा है।
श्रीमती सुमन रानी ने वर्ष 1994 में इसी विद्यालय से अपने शिक्षकीय जीवन की शुरुआत की थी और वर्ष 2022 से प्रधानाचार्या के पद पर कार्यरत रहीं। उनके नेतृत्व में विद्यालय ने कई शैक्षिक उपलब्धियां हासिल कीं।
सेवानिवृत्ति के उपरांत विद्यालय की वरिष्ठतम अध्यापिका श्रीमती मीरा रानी को प्रधानाचार्या का प्रभार सौंपा गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक महोदय सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।


























