बिल्सी (बदायूँ): बिल्सी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव नरेनी से रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 6 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ पड़ोस के ही एक किशोर द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर शाम 6 वर्षीय मासूम बच्ची एक निजी अस्पताल में भर्ती अपनी मामी को देखकर घर लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में ही एक किशोर ने उसे अगवा कर लिया और पास के एक पुराने मकान में ले गया। वहाँ आरोपी ने मासूम के साथ हैवानियत की वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद खून से लथपथ बच्ची किसी तरह अपने घर पहुँची। बच्ची की हालत देख परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसकी हालत को गंभीर बताया है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) बिल्सी के.के. तिवारी और प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँच गए। पुलिस ने रात में ही दबिश देकर आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया। बच्ची के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
नाराज ग्रामीणों ने लगाया जाम:
आज शुक्रवार सुबह इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने नरेनी चौराहे पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त सजा सुनिश्चित की जाए। मौके पर पहुँचे पुलिस अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई के आश्वासन के बाद करीब एक घंटे बाद जाम खोला गया।
अधिकारियों का बयान
एसपी ग्रामीण डॉ. हिरदेश कठेरिया ने बताया कि “सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया है। बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।”
वहीं, क्षेत्राधिकारी के.के. तिवारी ने कहा कि “आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और पुलिस घटना की गंभीरता से जांच कर रही है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here