बदायूं: भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर बदायूं में ब्राह्मण समाज द्वारा भव्य और गरिमामयी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।भगवान परशुराम ब्राह्मण धर्मशाला में भगवान परशुराम जन्मोत्सव समारोह समिति के तत्वावधान में दिनभर धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों की धूम रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9 बजे भगवान परशुराम मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ एवं पूजन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य यजमान के रूप में पंडित मुकेश शर्मा एवं उनकी धर्मपत्नी उपस्थित रहे, जबकि आचार्य रंजीत भारद्वाज ने विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया। कार्यक्रम में अजय मिश्रा, राहुल चौबे, नकुल भारद्वाज, पंकज शर्मा, विपिन शर्मा, गोविंद शर्मा, विनय चतुर्वेदी, विवेक शर्मा, राजीव शर्मा, सुरेंद्र उपाध्याय, अर्जित मिश्रा, आशुतोष शर्मा, प्रशांत मिश्रा, सुभाष शर्मा, मुनीष पंडित, श्री कृष्ण पाठक सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इसके उपरांत मंचीय कार्यक्रम का शुभारंभ ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष अश्वनी भारद्वाज द्वारा शंखनाद कर किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राम बहादुर पांडे एवं समिति अध्यक्ष कौशलानंद उर्फ लालन पांडे ने भगवान परशुराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की। भागवत कथा मर्मज्ञ कुमारी विश्वेश्वरी देवी ने स्वस्ति वाचन कर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण जोड़ा। भगवान परशुराम विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी।

इस अवसर पर समिति के महामंत्री अजय कुमार मिश्रा ने विप्र समाज के सात होनहार युवाओं को चांदी का फरसा भेंट कर सम्मानित किया। वहीं समाजसेवी अजय मिश्रा ने एक सराहनीय पहल करते हुए ब्राह्मण समाज की एक बेटी को स्वरोजगार के लिए प्रिंटर भेंट किया, जिसकी उपस्थित लोगों ने जमकर प्रशंसा की।

कार्यक्रम के तृतीय चरण में शाम 4:30 बजे भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, कौशलानंद उर्फ लालन पांडे, रजनी मिश्रा एवं अमित पांडे द्वारा किया गया। शोभायात्रा में घोड़े पर सवार चंद्रशेखर आजाद एवं रानी लक्ष्मीबाई के रूप में सजी एक बालिका आकर्षण का केंद्र रही और शोभायात्रा का नेतृत्व किया।

शोभायात्रा में काली अखाड़ा, आकर्षक झांकियां, कीर्तन मंडलियां और डीजे की धुनों पर भक्ति गीतों के साथ श्रद्धालु झूमते नजर आए। राधा माधव संकीर्तन मंडल के कलाकारों ने भजनों से भक्तिमय माहौल बना दिया।

पूरे शहर में जगह-जगह शोभायात्रा का पुष्प वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया। विभिन्न सामाजिक संगठनों और सर्व समाज के लोगों ने जलपान की व्यवस्था कर सेवा भाव का परिचय दिया। साथ ही ब्राह्मण समाज द्वारा सेवादारों का सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान लोक सेवा आयोग में चयनित युवाओं का भी सम्मान किया गया। इसमें ऋषभ शर्मा (पुत्र संजीव शर्मा) एवं आयुष पाठक (पुत्र प्रमोद पाठक), निवासी सिविल लाइंस को प्रतीक चिन्ह और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेंद्र पांडे, मंडल अध्यक्ष ब्रह्मानंद शर्मा, रविंद्र नाथ द्विवेदी, पूर्व विधायक आर.के. शर्मा, पूर्व विधायक संजय शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन पंकज शर्मा द्वारा किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here