विधायक हरीश शाक्य ने किया लड्डू प्रसाद वितरण, केसरिया रंग में रंगा नगर






बिल्सी। बिल्सी में हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर अटल चौक स्थित श्री हनुमान सेवा समिति के तत्वाधान में भव्य शोभायात्रा का आयोजन बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया।
शनिवार दोपहर करीब 12:00 बजे मुख्य बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक से प्रारंभ हुई यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों—अटल चौक, बालाजी तिराहा, लोहा बाजार और मोहल्ला नंबर दो से होती हुई शाम लगभग 4:00 बजे मंदिर परिसर में पहुंचकर सम्पन्न हुई।
शोभायात्रा में शामिल आकर्षक एवं स्वचालित झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। बैंड-बाजों की धुन और जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। पूरे बाजार में केसरिया ध्वजों से सजावट की गई थी तथा जगह-जगह भव्य स्वागत द्वार बनाए गए थे।
यात्रा मार्ग में थाना मोड़ पर भारतीय हलधर किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और श्रद्धालुओं को अल्पाहार वितरित किया। मुख्य बाजार स्थित बाबा ब्रह्मदेव देवस्थान पर भी शोभायात्रा का स्वागत कर प्रसाद वितरण किया गया।
इसी क्रम में नगर के मुख्य बाजार स्थित सोमानी बीज भंडार पर भी विशेष व्यवस्था की गई, जहां हरीश शाक्य (विधायक, बिल्सी) ने स्थानीय दुकानदारों के साथ मिलकर श्रद्धालुओं को लड्डुओं का प्रसाद वितरित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में भारी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। शोभायात्रा के सफल आयोजन पर श्री हनुमान सेवा समिति के पदाधिकारियों एवं सेवादारों ने सभी सहयोगियों, कार्यकर्ताओं और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।


























