बिल्सी। नगर के भूदेवी वार्ष्णेय इंटर कॉलेज के हाईस्कूल के छात्र पवन श्रीवास्तव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले में दसवां स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। साथ ही उन्होंने अपने विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल कर सभी को गौरवान्वित किया।
छात्र की इस उपलब्धि पर बिल्सी विधायक हरीश शाक्य स्वयं विद्यालय पहुंचे और पवन श्रीवास्तव को पटका पहनाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान विधायक ने छात्र की मेहनत की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि “जो व्यक्ति परिश्रम करता है, सफलता उसी को मिलती है। पवन ने अपनी लगन और मेहनत से यह साबित कर दिया है।” उन्होंने आशा जताई कि पवन इंटरमीडिएट में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने कॉलेज और विधानसभा क्षेत्र का नाम रोशन करेगा।
उन्होंने विद्यालय प्रबंध समिति एवं शिक्षकों को भी बधाई देते हुए कहा कि प्रधानाचार्य के नेतृत्व में शिक्षकों की मेहनत का ही परिणाम है कि ऐसे प्रतिभाशाली छात्र सामने आ रहे हैं।
इस अवसर पर प्रबंधक सुरेश गुप्ता, उप प्रबंधक डीके गुप्ता, प्रबंध समिति सदस्य राजीव वार्ष्णेय, संजीव वार्ष्णेय, प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार शर्मा, प्राइमरी इंचार्ज अतुल वार्ष्णेय, शटवदन शंखधार सहित शिक्षकगण गीता रानी, डॉ. आरती जैन, शैफाली माहेश्वरी, माधुरी शंखी आदि उपस्थित रहे।


























