
बिल्सी। नगर में लाडली खाटू वाले सेवा समिति के तत्वावधान में तृतीय श्री श्याम संकीर्तन का भव्य आयोजन बीती रात नगर पालिका रामलीला ग्राउंड पर किया गया। इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धालु भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण श्याम भक्ति में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम में दूर-दराज से आए प्रसिद्ध भजन गायक हिमांशु राणा, कुमकुम सूर्यवंशी और राजेश राणा ने अपने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों की धुन पर भक्त देर रात तक झूमते रहे और भक्ति रस में डूबे नजर आए।
संकीर्तन स्थल पर बाबा श्याम का भव्य दरबार सजाया गया, जिसमें 56 भोग अर्पित किए गए। साथ ही इत्र वर्षा और फूलों की होली का आयोजन कर माहौल को और भी दिव्य बना दिया गया।
यह आयोजन सह आयोजक श्री श्याम सेवा मंडल समिति के सानिध्य में संपन्न हुआ। इस दौरान श्री श्याम सेवा मंडल के गुरुजी विकास वार्ष्णेय ‘बब्बू भइया’ ने श्रद्धालु भक्तों को आशीर्वाद प्रदान किया और सभी को भक्ति मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ आयोजन को सफल बनाया।


























