








- ऐतिहासिक पल: आजादी के बाद रेल मार्ग से पहली बार देश की राजधानी दिल्ली से सीधे जुड़ा बदायूं,
- आज हुआ केवल उद्घाटन- 17 अप्रेल से शुरू होगी नियमित सेवा
- ग्रामीण क्षेत्र की जनता और मजदूर वर्ग को मिलेगा बड़ा लाभ, व्यापारी सुबह 10:30 बजे दिल्ली पहुंचकर रात 10:40 वापिस आ सकेंगे बदायूं
बदायूं। जनपद के लिए आज का दिन एक ऐतिहासिक दिन बन गया, जब आजादी के बाद पहली बार बदायूं से देश की राजधानी दिल्ली के लिए सीधी रेल रवाना हुई। लंबे समय से चली आ रही मांग आज आखिरकार पूरी हुई और इस बहुप्रतीक्षित ट्रेन सेवा को केंद्रीय मंत्री वी एल वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर औपचारिक शुभारंभ किया।
गौरतलब है कि पहले जब बदायूं में छोटी लाइन (मीटर गेज) हुआ करती थी, तब बदायूं से प्रदेश की राजधानी लखनऊ के लिए सीधी रेल सेवा उपलब्ध थी। लेकिन ब्रॉड गेज में परिवर्तन के बाद यह सुविधा भी समाप्त हो गई , जिससे बदायूंवासी वर्षों से न तो प्रदेश की राजधानी लखनऊ और न ही देश की राजधानी दिल्ली से सीधे रेल मार्ग से जुड़े थे।अब दिल्ली के लिए सीधी रेल सेवा शुरू होने से लोगों में खुशी का माहौल है,
समय और किराए को लेकर लोगों मे चर्चा
नई रेल सेवा बदायूं से बरेली, रामपुर और मुरादाबाद होते हुए दिल्ली पहुंचेगी, जिसमें लगभग 06 घंटे 20 मिनट का समय लगेगा। वहीं, बदायूं से दिल्ली रोडवेज बस 5 से 6 घंटे में पहुंचा देती है।
किराए की बात करें तो इस ट्रेन के एसी चेयरकार का किराया अभी बरेली से 420 ₹ है जो बदायूं से थोड़ा बड़ा हुआ होगा, जबकि बदायूं से दिल्ली तक एसी बस का किराया करीब ₹460 है। ऐसे में मध्यम और उच्च वर्ग के यात्रियों के लिए रेल की बजाय बस सेवा अधिक सुविधाजनक नजर आ रही है।
किसे होगा फायदा:
इस ट्रेन सेवा का सबसे अधिक लाभ ग्रामीण क्षेत्र और मजदूर वर्ग को मिलने की उम्मीद है, क्योंकि ट्रेन का साधारण श्रेणी का किराया बस की तुलना में काफी सस्ता पड़ेगा।
कुछ चुनौतियां भी:
प्रस्तावित ट्रेन का समय सुबह तड़के 03:55 का बदायूं से प्रस्थान का बताया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को शाम से ही स्टेशन पर पहुंचकर कई घंटे इंतजार करना पडेगा और वापिसी का समय रात्रि 10:40 है जिसके चलते उनको अपने गांव जाने के लिए रातभर स्टेशन पर ही रूककर इंतजार करना पड़ेगा ।
वहीं स्थानीय निवासियों को इस ट्रेन से जाने के लिए उनको कम से कम 3 बजे उठकर तैयार होना पड़ेगा लेकिन व्यापारियों के लिए यह फायदे का समय है वो सुबह 4 बजे जाकर दिल्ली 10:30 बजे पहुंचकर अपनी खरीदारी कर शाम 04:35 बजे इसी ट्रेन को पकडकर वापिस 10:40 तक बदायूं वापिस आ सकते हैं।लेकिन व्यापरीयों को व्यापार करने के लिए एक नई दिक्कत भी हो चुकी है बदायूं रेलवे का माल गोदाम भी (गुड्स शेड) पहले जो बदायूं था उसे ब्रॉडगेज परिवर्तन के बाद उझानी शिफ्ट किया जा चुका है जिसके कारण बदायूं के व्यापारी को माल लाने ले जाने के लिए उझानी की दौड़ लगानी होगी ।
रूट को लेकर लोगों ने स्वदेश केसरी को दिए सुझाव:
वहीं कुछ स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि यह ट्रेन बरेली-रामपुर-मुरादाबाद रूट के बजाय कासगंज–हाथरस वाया अलीगढ़ या मथुरा रूट से दिल्ली जोड़ी जाती, तो यात्रा मे भी समय कम लगता और इस रुट पर यात्रियों की संख्या भी अधिक मिलती जिससे रेलवे को राजस्व में भी वृद्धि होती।
आगे की उम्मीदें:
फिलहाल आज की यह ट्रेन केवल उद्घाटन के लिए एक ही दिन के लिए विशेष रूप से चलाई गई , लेकिन आने वाले 17 अप्रेल से नियमित सेवा शुरू होना बताई जा रही है। साथ ही केंद्रीय मंत्री ने बदायूं से लखनऊ के लिए भी जल्द सीधी रेल सेवा शुरू होने की उम्मीद जाहिर की है।
निष्कर्ष
कुल मिलाकर, यह रेल सेवा बदायूं के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि जरूर है, लेकिन इसकी सफलता काफी हद तक समय, किराया और रूट पर निर्भर करेगी। अब देखना होगा कि यह सेवा कितनी जल्दी नियमित और स्थाई होती है और लोगों की अपेक्षाओं पर कितनी खरी उतरती है।
रेलवे की सूचना संख्या 66/2026 के अनुसार, गाड़ी संख्या 14316/14315 बरेली-नई दिल्ली-बरेली एक्सप्रेस (प्रतिदिन) को विस्तारित कर कासगंज तक संचालित किया जाएगा। इस नई व्यवस्था के तहत यह ट्रेन उझानी, बदायूं और रामगंगा ब्रिज होते हुए बरेली और फिर दिल्ली तक जाएगी।
बदायूं से जाने और आने का समय :
नई समय सारिणी के अनुसार ट्रेन कासगंज से चलकर बदायूं स्टेशन पर तड़के करीब 03:35 बजे पहुंचेगी और 03:37 बजे प्रस्थान करेगी। वहीं दिल्ली से शाम 16:35 बजे प्रस्थान कर रात्रि 22 :40 पर बदायूं पहुंचेगी, दिल्ली की ओर से आने वाले यात्री इसको नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, शिवाजी ब्रिज, तिलक ब्रिज,आनंद विहार स्टेशन, साहिबाबाद और गाजियाबाद स्टेशन से भी चढ़ सकते हैं इस ट्रेन के शुरू होने से बदायूं अब सीधे दिल्ली रेल नेटवर्क से जुड़ जाएगा, जो लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग थी।
कब से शुरू होगी सेवा:
रेलवे के अनुसार, नई दिल्ली से कासगंज के लिए ट्रेन (14316) का संचालन 16 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होगा। और कासगंज से नई दिल्ली के लिए 17 अप्रेल से सेवा नियमित शुरू हो जाएगी
वहीं, 20 मई 2026 से इस ट्रेन के नंबर भी बदल दिए जाएंगे, जिसमें
- 14315 (कासगंज-नई दिल्ली) → 15303
- 14316 (नई दिल्ली-कासगंज) → 15304
यात्रियों को होगा लाभ
इस सेवा के शुरू होने से बदायूं, उझानी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा दिल्ली जाने का विकल्प मिलेगा। खासकर छात्रों, मजदूरों और सामान्य वर्ग के यात्रियों के लिए यह सुविधा काफी लाभकारी साबित होगी।


























