बदायूं। उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स के पदों पर एनरोलमेंट 2025 की लिखित परीक्षा जनपद बदायूं में शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी के बीच सकुशल संपन्न हुई। जिले के कुल 15 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में हजारों अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। प्रथम पाली में कुल 5232 अभ्यर्थियों में से 4149 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 1083 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस पाली में उपस्थिति प्रतिशत 79.30% दर्ज किया गया।
वहीं द्वितीय पाली में भी अभ्यर्थियों का उत्साह देखने को मिला, जहां 5232 में से 4186 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1046 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस पाली में उपस्थिति प्रतिशत 80.01% रहा।
जनपद के सभी 15 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली।
अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। केंद्रों पर निगरानी के लिए पर्याप्त पुलिस बल और पर्यवेक्षक तैनात किए गए थे।
पहले दिन की परीक्षा के सफल आयोजन से प्रशासन ने राहत की सांस ली है और आगामी चरणों को भी इसी तरह सुचारु रूप से संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है।

























