मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया कार्यक्रम का शुभारंभ


सहसवान। नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सेठ एम. आर. जयपुरिया स्कूल सहसवान में रविवार 15 मार्च 2026 को ग्रेजुएशन डे समारोह बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नन्हे विद्यार्थियों के लिए यह पल गर्व और खुशी से भरा रहा, वहीं अभिभावकों ने भी अपने बच्चों की उपलब्धियों पर गर्व महसूस किया।
समारोह के दौरान छात्रों को शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन, समयपालन, सुसज्जित व्यक्तित्व और समर्पित शिक्षार्थी जैसी विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी आनंदमय बना दिया, जिसे उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नरेश कुमार गुप्ता (सेवानिवृत्त प्रबंधक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया) और मीना कुमारी (सेवानिवृत्त सरकारी अध्यापिका) रहे। दोनों अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उनके समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक अश्विनी माहेश्वरी, अंशुल माहेश्वरी और शुभम लाहोटी तथा प्रधानाचार्या प्रवीण अरोड़ा ने नन्हे स्नातकों को उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का समापन अत्यंत उत्साह और खुशी के माहौल में हुआ। विद्यालय की जयपुरियन टीम के सामूहिक प्रयासों से यह आयोजन भव्य और सफल रहा।


























