सहसवान। तहसील सहसवान क्षेत्र में ब्राह्मण समाज को संगठित करने के उद्देश्य से जल्द ही एक भव्य ब्राह्मण सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह घोषणा अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री धर्मदेव तिवारी ने की।

उन्होंने बताया कि यह सम्मेलन भगवान परशुराम की कर्मस्थली माने जाने वाले सरसोता में आयोजित करने की तैयारी चल रही है। सम्मेलन में ब्राह्मण समाज की एकता, सामाजिक सम्मान और विभिन्न मुद्दों पर व्यापक चर्चा की जाएगी।

राष्ट्रीय संगठन मंत्री धर्मदेव तिवारी ने कहा कि भगवान परशुराम की कर्मस्थली सरसोता को पर्यटन स्थल घोषित किया जा चुका है, लेकिन अभी तक वहां भगवान परशुराम की प्रतिमा की स्थापना नहीं की गई है, जो समाज के लिए दुख का विषय है। इस संबंध में कई बार आंदोलन और ज्ञापन भी दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज इस विषय को गंभीरता से ले रहा है और आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में समाज की एकता और अधिकारों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।

धर्मदेव तिवारी ने कहा कि सम्मेलन के माध्यम से ब्राह्मण समाज को एकजुट होने का संदेश दिया जाएगा, ताकि सामाजिक और धार्मिक स्थलों के विकास तथा समाज के सम्मान से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here