सहसवान। सत्र 2025–26 के अंतर्गत “वसुधा – द ग्लोबल फैमिली सेलिब्रेशन” (वार्षिक उत्सव) का आयोजन सहसवान में बड़े ही हर्षोल्लास और भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। इस भव्य आयोजन में लगभग 400 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का मुख्य विषय “वसुधैव कुटुम्बकम्” रहा, जिसमें पूरे विश्व को एक परिवार मानने का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने उत्तर भारत, दक्षिण भारत और कश्मीरी लोकनृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की विविधता और एकता को मंच पर जीवंत कर दिया।

प्रस्तुतियों में भारतीय सेना के शौर्य, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और मानवता के प्रति प्रेम को भावपूर्ण तरीके से दर्शाया गया। वहीं सर्वजन स्वास्थ्य के संदेश को आगे बढ़ाते हुए योग की विशेष प्रस्तुति ने दर्शकों को खासा प्रभावित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद मनमोहक गणेश वंदना और माँ काली की प्रस्तुति ने नवरात्रि के उत्सवी माहौल को और अधिक जीवंत बना दिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री अरिजीत घोष (वीपी-एकेडमिक्स), सुश्री दीपिका सिंह (एजीएम -ऑपरेशंस) एवं श्री मुनिश (एजीएम-एकेडमिक्स), सेठ एम.आर. जयपुरिया ग्रुप ऑफ स्कूल्स* उपस्थित रहे।अपने संबोधन में अरिजीत घोष ने कहा कि समग्र शिक्षा केवल एक नारा नहीं, बल्कि एक विचारधारा है, जो बच्चों में बेहतर नागरिक बनने के गुण विकसित करती है।

विद्यालय के निदेशक अश्विनी माहेश्वरी ने कहा कि हर बच्चा अपनी अलग पहचान और प्रतिभा के साथ विशेष होता है, इसलिए किसी भी विद्यार्थी की तुलना नहीं करनी चाहिए। ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

वहीं प्रधानाचार्या प्रवीण अरोड़ा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम शिक्षकों और विद्यार्थियों के अथक परिश्रम का परिणाम रहा, जिसने इसे एक यादगार और सफल आयोजन बना दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here