लखनऊ से प्रदीप कुमार शर्मा और बिल्सी से ललित मोहन वार्ष्णेय की रिपोर्ट
बदायूं। लंबे समय से जाम और यातायात की समस्या से जूझ रहे बिल्सी नगर के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश शासन ने बदायूं-बिजनौर मार्ग से बिल्सी नगर तक 7 किलोमीटर लंबे बाईपास निर्माण कार्य को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।
जारी शासनादेश के अनुसार, अनु सचिव अभय प्रताप श्रीवास्तव द्वारा पत्रांक -125/2026/1/1277156/2026/23-11099(099)/422/2025 दिनांक 23 मार्च 2026 को यह स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना की कुल लागत ₹7376.00 लाख (करीब 73.76 करोड़ रुपये) निर्धारित की गई है, जिसमें वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए ₹2581.60 लाख की धनराशि अवमुक्त की गई है।
यह बाईपास निर्माण कार्य शहरों के बाईपास/रिंग रोड/फ्लाईओवर निर्माण की नई योजना के अंतर्गत किया जाएगा। योजना के अनुसार, यह मार्ग बिल्सी नगर के चैनेज 0.000 से 7.000 तक विकसित किया जाएगा, जिससे भारी वाहनों का दबाव शहर से बाहर डायवर्ट किया जा सकेगा और जाम की समस्या में राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि इस समस्या को “स्वदेश केसरी न्यूज़” ने कई बार प्रमुखता से उठाया था और जनहित से जुड़े इस मुद्दे को लगातार सामने रखा था, जिसके बाद यह मामला शासन स्तर तक पहुंचा।
वहीं स्थानीय विधायक हरीश शाक्य ने भी जनभावना को देखते हुए इस परियोजना को मंजूरी दिलाने में सक्रिय प्रयास किए, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आया है।
बाईपास निर्माण की स्वीकृति के बाद क्षेत्र की जनता में खुशी की लहर है और लोग इसे विकास की दिशा में बड़ा कदम मान रहे हैं। हालांकि अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि इस परियोजना को धरातल पर उतारने में स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधि कितनी तेजी दिखाते हैं।
यदि निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा होता है, तो बिल्सी नगर को जाम, दुर्घटनाओं और प्रदूषण जैसी समस्याओं से काफी हद तक राहत मिल सकेगी।


























