




बरेली। नैनीताल मार्ग स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में विद्यालय का वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजीव अग्रवाल (विधायक, बरेली कैंट) ने अपने संबोधन में कहा कि मातृभाषा ही जीवन को सही दिशा देकर उसका उद्धार करती है। आज का शिशु कल का राष्ट्र निर्माता है और विद्या भारती के विद्यालय इसी भावना के साथ राष्ट्रवाद से ओतप्रोत शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता ओमप्रकाश गंगवार (विभाग संघ चालक, बरेली विभाग, आरएसएस) ने कहा कि विद्या भारती के विद्यालय केवल शिक्षा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के संरक्षण और संवर्धन का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। नई शिक्षा नीति (NEP) का क्रियान्वयन समाजहित में हो रहा है और ऐसे विद्यालय सशक्त एवं संस्कारवान पीढ़ी तैयार कर रहे हैं।
कार्यक्रम अध्यक्ष प्रणव झा (आरटीओ प्रवर्तन, बरेली) ने कहा कि विद्या भारती के विद्यालयों के माध्यम से ही देश का सर्वांगीण विकास संभव है।
विशिष्ट अतिथि पंकज गोयल ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
विद्यालय व्यवस्थापक दिनेश मलिक ने विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
वार्षिकोत्सव के अवसर पर विद्यार्थियों ने देशभक्ति, परी नृत्य, भाषा परिचय, नारी शक्ति, शबरी, हनुमान चालीसा, पौराणिक कथा, हास्य नाटिका होमवर्क चोर, पर्यावरण संरक्षण पर भाव नृत्य एवं होली गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से देशभक्ति, सामाजिक समरसता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील कुमार सिंह ने अतिथियों का परिचय कराया। सभी अतिथियों को पटिका पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन रामकिशोर श्रीवास्तव के निर्देशन में संस्कृति एवं आराध्या ने किया। अंत में विद्यालय अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने सभी अतिथियों व उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में सूर्य प्रकाश, राजीव (व्यवस्थापक नेकपुर), अनुज शर्मा, विकास शर्मा, विक्रम जी, मीडिया प्रभारी राजेश कुमार शर्मा, श्रीमती अलका नवीन, श्रीमती नीलम मिश्रा, श्रीमती प्रियंका यादव, वंशिका मिश्रा, संजीव उपाध्याय, ऋषभ मिश्रा सहित विद्यालय का समस्त आचार्य परिवार उपस्थित रहा।


























