
बिल्सी। बदायूं–बिजनौर हाईवे पर खैरी गांव के निकट आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात पिकअप वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए ले जाते समय युवक की दुखद मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला नंबर एक निवासी मोनू पाली (22 वर्ष) आज दोपहर लगभग 1 बजे खैरी गांव से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बिल्सी की ओर से जा रही एक पिकअप गाड़ी ने उसकी बाइक में तेज रफ्तार से टक्कर मार दी।
हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजन घायल युवक को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जा रहे थे, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा अज्ञात पिकअप वाहन की तलाश की जा रही है।


























